Follow Us:

‘क्षेत्रवाद की राजनीति कांग्रेस की देन, सरकार बदलते ही बदल जाता था टोपियों का रंग’

|

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को बंजार विधानसभा क्षेत्र के लारजी में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री कांग्रेस पर हमलावर रहे और कहा कि प्रदेश में क्षेत्रवाद की राजनीति कांग्रेस की देन है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवाद इतना ज्यादा बढ़ गया था कि सत्ता बदलते ही लोगों की टोपियों के रंग बदल जाया करते थे। सांस्कृतिक पहचान के नाम पर होने वाली इस राजनीति को भी हमने खत्म कर दिया।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “इनके कुछ नेता बेवजह कुछ मुद्दे उठाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन हम जानते हैं कि हमने पूरी निष्ठा से प्रदेश हित में काम किया है। कोरोना जैसे संकट काल में भी हमने काम रुकने नहीं दिया। आज उनके पास बोलने के लिए कुछ नहीं है। कोरोना काल में हमने जिंदगी और काम में संतुलन बनाया और लोगों को बचाने के साथ-साथ विकास के काम भी किए।”

भाजपा सरकार पर नहीं भ्रष्टाचार का एक भी आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा, “कांग्रेस के लोग कहते हैं कि चार साल के कोई चार काम गिनाओ। मैं उनको कहना चाह रहा हूं कि आज हर विधानसभा क्षेत्र में सैकड़ों करोड़ के काम चले हुए हैं। कोरोना काल में जब लोगों के बीच नहीं जा सकते थे, तब भी हमने वर्चुअल माध्यम से साढ़े चार हजार करोड़ से उद्घाटन और शिलान्यास किए।” मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में हमें सत्ता में आए चार साल हो गए। केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बने सात साल हो गए। लेकिन आज भाजपा सरकार पर एक भी आरोप भ्रष्टाचार का नहीं है। आज देश को मजबूत और ईमानदार नेतृत्व मिला है। हमने भ्रष्टाचार मुक्त शासन देश और प्रदेश की जनता को दिया है।

क्षेत्रवाद को लेकर कांग्रेस पर सीएम का हमला

वहीं, क्षेत्रवाद के मुद्दे पर बोलते हुए जयराम ठाकुर ने कहा, ”बंजार विधानसभा क्षेत्र में 400 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य चल रहे हैं। हमारी सरकार ने लारजी को पर्यटन की दृष्टि से उभारने के लिए काम किया। कांग्रेस के लोग कहते हैं कि मुख्यमंत्री क्षेत्रवाद करता है। क्षेत्रवाद तो उस समय होता था जब सरकार बदलते ही हिमाचल में टोपियों का रंग बदल जाता था। हमने टोपी की राजनीति को ही खत्म कर दिया।”