Follow Us:

‘स्व. रामस्वरूप शर्मा को कभी भुला नहीं सकती मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता’

पी.चंद |

भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने शनिवार को मंडी के पूर्व सांसद स्व. रामस्वरूप शर्मा के घर पहुंचकर उनके परिजनों ने भेंट की। इस मौके पर भाजपा प्रभारी ने कहा कि स्व. रामस्वरूप शर्मा भाजपा के वरिष्ठ नेता थे और उनका स्वभाव सरल एवं साधारण था। जिस प्रकार से उन्होंने मंडी संसदीय क्षेत्र की सेवा की है उसे मंडी संसदीय क्षेत्र के लोग कभी भुला नहीं सकते।

उन्होंने कहा कि स्व. रामस्वरूप शर्मा ने संगठन की मजबूती के लिए भी विभिन्न पदों पर कार्य कर संगठन को भी मजबूत किया था। रामस्वरूप शर्मा ने कांग्रेस की वर्तमान प्रत्याशी प्रतिभा सिंह को हराया था और उसके बाद इस क्षेत्र की सेवा करने में कोई भी कमी नहीं छोड़ी थी।

खन्ना ने कहा कि रामस्वरूप शर्मा का पूरा परिवार उनके सपने को पूरा करने के लिए कार्यरत है और भाजपा को मंडी संसदीय क्षेत्र में ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए कार्य कर रहा है। इसके साथ ही भाजपा प्रभारी ने कहा कि पूरा संगठन भाजपा को मंडी संसदीय क्षेत्र और अन्य तीन विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों में बड़ी जीत दिलाने के लिए धरातल पर कार्य कर रहा है।