Follow Us:

कांग्रेस 17 नवंबर को शाहपुर से करेगी जिला स्तरीय जन जागरण अभियान का आगाज

मृत्युंजय पुरी |

सत्ता के सेमीफाइनल मुकाबले में प्रदेश में 4-0 से क्लीन स्वीप करने वाली कांग्रेस की नज़र अब फाइनल पर जाकर टिक गई है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव केवल सिंह पठानिया ने कहा प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा संभाल लिया है। ख़ुद पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने इसका आगाज़ देश के पहले प्रधानमंत्री और कांग्रेस पार्टी के नेता रह चुके पण्डित जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिवस के ख़ास मौके पर किया है।

उन्होंने कहा कि राठौर ने सिरमौर से जन जागरण अभियान की शुरुआत करते हुये अब प्रदेश के हर विधानसभा में इस अभियान की अगुवाई करने का फ़ैसला लिया है। 17 नवंबर को कांगड़ा के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में भी जिला स्तरीय जन जागरण अभियान का आगाज़ होने जा रहा है। अभियान की अगुवाई ख़ुद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर करने वाले हैं। संगठन ने अभियान की सफ़लता की जिम्मेदारी केवल सिंह पठानिया के हाथों में सौंप दी है ।

केवल पठानिया ने कहा कि इस अभियान के तहत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत शाहपुर से लेकर संगठन की रैली सिहुंवा पंचायत तक जाएगी। इस अभियान में लोगों को ये सन्देश दिया जायेगा कि बीते चार सालों में भाजपा की सरकार ने डबल इंजन के नाम पर सूबे की जनता को किस कदर गुमराह किया है और लोगों को बड़े बड़े सब्जबाग दिखाकर झूठ के पुलिंदे बांधें हैं ।