Follow Us:

पिंजरे में फंसा शिकार करने आया तेंदुआ, ये आदमख़ोर तेंदुआ या नहीं- वन विभाग जुटाएगा साक्ष्य

पी. चंद |

दिवाली के बाद से तेंदुए की तलाश में जुटी वन विभाग की टीम को दो सप्ताह बाद सफ़लता हाथ लगी है। विभाग की टीम ने गुरुवार रात एक तेंदुए को पकड़ा है। कनलोग इलाके में जंगल में लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ कैद हुआ है।

सूचना के मुताबिक बीती रात करीब साढ़े आठ बजे एक पिंजरे में तेंदुआ आ फंसा। रात करीब नौ बजे वन विभाग के अफसर मौके पर पहुंचे। ट्रैंक्यूलाइजर गन से तेंदुए को बेहोश किया गया।

बताया जा रहा है यह तेंदुआ बड़ा है और पिंजरे में लगाए गए मांस के लिए यहां आया था। हालांकि अभी ये साफ नहीं हो पाया है कि ये वही तेंदुआ है जिसने कनलोग और डाउनडेल से दो बच्चों को उठाया था।

वन विभाग इस तेंदुए को पकड़कर रेस्क्यू सेंटर टूटीकंडी ले गया है। वन विभाग का कहना है कि अभी जंगल में तेंदुए पकड़ने का ऑपरेशन जारी रहेगा। अब विभाग साक्ष्य से पता लगाने की कोशिश करेगा कि ये कौन सा तेंदुआ है।