Follow Us:

‘युवा कांग्रेस 14 दिसंबर को करेगी विधानसभा का घेराव’

मृत्युंजय पुरी |

हिमाचल कांग्रेस के महासचिव केवल सिंह पठानिया की अध्यक्षता में शाहपुर युवा कांग्रेस की बैठक हुई। बैठक में युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष अमित पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में युवा कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और गिरती अर्थव्यवस्था को लेकर विधानसभा घेराव का मन बनाया।

युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष अमित पठानिया ने कहा कि 14 दिसम्बर 2021 को प्रदेश भर के युवा कांग्रेस विधानसभा का घेराव करेगी। इसके माध्यम से युवा कांग्रेस गूंगी बहरी सरकार को जगाने का काम करेगी क्योंकि आज प्रदेश का हर वर्ग इस घमंडी सरकार से तंग आ चुका है। भाजपा के कार्यकाल में जनता की सुनाई नहीं हो रही है।

युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष ने पार्टी हाईकमान के उस फैसले का स्वागत किया जिसमें 70 साल से ऊपर के नेताओं को टिकट न देने का फैसला लिया गया है। अमित पठानिया ने कहा कि हाईकमान के इस फैसले से युवा नेताओं को प्रदेश और देश में नेतृत्व करने का मौका मिलेगा।

वहीं, प्रदेश कांग्रेस महासचिव केवल सिंह पठानिया ने कहा कि युवा कांग्रेस ने इस भाजपा की तानाशाही सरकार के खिलाफ विधानसभा का घेराव का मन बनाया है। कांग्रेस पार्टी भी युवा कांग्रेस के साथ है । प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए पठानिया ने कहा कि आज इस भाजपा की सरकार में लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है।

आज जो भी वर्ग अपने हक के लिए आवाज उठा रहा है तो सरकार लाठी चार्ज करवाकर उनकी आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। सरकार कि इस तानाशाही के खिलाफ आज युवा संघर्ष करने को मजबूर हो चुका है। प्रदेश का युवा इस लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो रहा है। युवा वर्ग हर तरफ से परेशान है।