Follow Us:

हिमाचल में फिर करवट बदलेगा मौसम, दो दिन बारिश-बर्फबारी की आशंका

डेस्क |

हिमाचल प्रदेश में दो दिन धूप खिलने के बाद एक बार फिर मौसम करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग शिमला के अनुसार प्रदेश में 8 और 9 दिसंबर को प्रदेश के मध्यम और उच्च पर्वतीय भागों में बारिश-बर्फबारी की आशंका है। हालांकि इस दौरान प्रदेश के मैदानी इलाकों में मौसम साफ बना रहेगा। 10 और 11 दिसंबर को समूचे प्रदेश में मौसम साफ बना रहेगा।

बता दें कि मंगलवार को प्रदेश के अधिकतर भागों में धूप खिली रही। धूप खिलने से लोगों को दिन में ठंड से कुछ राहत मिली लेकिन सुबह और शाम ठंड का प्रकोप जारी है।  बीते दिनों पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी से प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है।

उधर, बर्फबारी के बाद मौसम साफ होते ही अटल टनल रोहतांग पर्यटकों के लिए बहाल कर दी गई है। वहीं, बीआरओ ने मनाली-केलंग मार्ग को भी बहाल कर दिया है। लेकिन सड़क पर बर्फ जमने से फिसलन बढ़ गई है जिस कारण वाहन चलाना जोखिम भरा है।