Follow Us:

ऊना के लिए बड़ी सौगात, कुटलैहड़ में पैराग्लाइडिंग

डेस्क |

पर्यटन के क्षेत्र में ऊना जिले को बड़ी सौगात मिली है। जिले की कुटलैहड़ तहसील के चुलहाडी गांव में पैराग्लाइडिंग शुरू करने के लिए पर्यटन विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है। कुटलैहड़ विधायक और ग्रामीण विकास मंत्री विरेंद्र कंवर ने जानकारी दी कि चुलहाडी में स्थित शोलासिंघी धार से उड़ानें भरी जाएंगी। वहीं गोविंद सागर झील के किनारे पड़ने वाले अंदरोली गांव में लैंडिंग प्वाइंट होगा।

इस क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग शुरू करने के लिए चुलहडी में दो महीने पहले ट्रायल किये गए थे। विरेंद्र कंवर ने कहा कि जंगलों से घिरी गोविंद सागर झील के नजारे पूरी दुनिया से पैराग्लाइडरों को इस क्षेत्र की ओर खींचेगी।

आपको बता दें कि गोविंद सागर झील में पानी के खेलों को लेकर अधिसूचना भी जारी की जा चुकी है। वहीं ट्रैकिंग के लिए ऊना वन विभाग रूट बनाने में जुटा हुआ है। कंवर ने कहा कि कुटलैहड़ को पर्यटक नगरी के रूप में विकसित करने के लिए सभी प्रयास किये जा रहे हैं। इनके फल स्वरूप यहां की आर्थिकी को बढ़ावा मिलेगा।