Follow Us:

रक्षा मंत्री ने हिमाचल को दी 5 पुलों की सौगात, सेना के साथ स्थानीय लोगों के लिए होंगे मददगार

पी.चंद |

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से हिमाचल को 5 पुलों की सौगात दी। इनमें मनाली-सरचू सड़क मार्ग पर बने कोठी-1 पुल, कोठी-2 पुल, कमांडर पुल, पातसियो पुल और पोवारी-पूह सड़क पर बने काशंग पुल शामिल हैं। यह पुल देश की सुरक्षा में अहम योगदान देंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि लेह के लिए वैकल्पिक मार्ग पर बने ये पुल जम्मू-कश्मीर और लेह में तैनात हमारे सैनिकों के लिए बहुत मददगार सिद्ध होंगे।

बता दें कि मंगलवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने देश के चार राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण 27 परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं। इन परियोजनाओं का निर्माण सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा किया गया है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इस कार्यक्रम में शिमला से वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने इन परियोजनाओं को समर्पित करने के लिए रक्षा मंत्री और केंद्र सरकार का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में देश और मजबूत हुआ है और आज देश की सीमाएं पहले से ज्यादा सुरक्षित हैं। देश की सीमाओं तक सम्पर्क सुविधा बढ़ी है और आधारभूत संरचना का भी विकास हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पुलों का लाभ स्थानीय लोगों को भी मिलेगा। इनसे लाहौल स्पीति के केलांग सहित लेह-लद्दाख के वासियों के बीच आर्थिक और सामाजिक संबंधों को और मजबूती मिलेगी। अब यहां से न सिर्फ भारी सैन्य वाहन सुगमता से गुजर सकेंगे बल्कि स्थानीय जनता भी लाभान्वित होगी। यहां से सेब, आलू, मटर, बादाम और अन्य फसलें बाहर ले जाने में सुविधा होगी। ये पुल किन्नौर जिले की आर्थिकी को बढ़ाने में भी अहम योगदान देंगे।