Follow Us:

हिमाचल में आज रात से बिगड़ेगा मौसम, बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान

डेस्क |

हिमाचल प्रदेश में आज मौसम करवट बदलने वाला है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आने वाला है। मौसम विभाग शिमला के अनुसार आज रात से प्रदेश के मौसम में बदलाव आएगा। प्रदेश में मध्यम और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों 1 जनवरी 2022 से 4 जनवरी तक बारिश बर्फबारी का पूर्वानुमान है। जबकि मैदानी इलाकों में तीन जनवरी तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार के प्रदेश के मैदानी इलाकों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 4 जनवरी को मौसम बिगड़ने की आशंका है।

प्रदेश में नए साल की शुरुआत धूप खिलने के साथ हुई है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में धूप खिली हुई है। हालांकि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक आज रात से मौसम बिगड़ने वाला है। प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में तापमान जमाव बिंदू से नीचे चल रहा है। बारिश बर्फबारी होने से लोगों को भी सूखी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है।

बता दें कि इससे पहले मौसम विभाग ने नए साल पर बारिश बर्फबारी की आशंका जताई थी। बर्फबारी के बीच नए साल का जश्न मनाने के लिए भारी संख्या में पर्यटक हिमाचल पहुंचे थे लेकिन मौसम ने उनको निराश कर दिया है। पर्यटकों को नए साल पर बर्फबारी के दीदार नहीं हो सके। ऐसे में अब पर्यटकों को बिना बर्फबारी का दीदार किए ही वापस लौटना पड़ रहा है।