Follow Us:

अभी नहीं मिलेगी बारिश से राहत, 9 जनवरी तक करें इंतजार

डेस्क |

राजधानी व आसपास के इलाकों में छिटपुट बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, एनसीआर समेत उत्‍तर-पश्चिम भारत में 9 जनवरी तक ऐसा ही मौसम रहेगा। दो पश्चिमी विक्षोभों के चलते बारिश का जो सिलसिला शुरू हुआ है, उसके चलते न्‍यूनतम तापमान में ज्‍यादा बदलाव नहीं दिखा है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिन तक उत्‍तर भारत में शीतलहर चलने के आसार नहीं हैं। IMD ने आज उत्‍तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्‍थान में भी बारिश का अनुमान लगाया है। शनिवार को हिमाचल प्रदेश और उत्‍तराखंड में भी बारिश का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा के लिए भी शनिवार को कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

दिल्‍ली में आज भी बूंदाबांदी हो रही है। वहीं, 7 और 8 जनवरी को बारिश की सबसे अधिक गतिविधियां होंगी। 8 जनवरी के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। सुबह के समय मध्यम कोहरा दिख सकता है। अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के आसपास रह सकता है। अब 8 जनवरी को दिन में ठिठुरन का अहसास हो सकता है। 9 जनवरी तक बारिश और बूंदाबांदी होती रहेगी।

10 जनवरी से मौसम साफ हो जाएगा और न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट आनी शुरू हो जाएगी। तापमान एक बार फिर सात से आठ डिग्री तक पहुंच जाएगा। स्काईमेट के अनुसार, इस बार जनवरी के अंत तक ठंड बरकरार रहने की संभावना है। वहीं 9 जनवरी के बाद कोहरा भी लोगों के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। इस बार बैक टु बैठ आ रहे वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से सर्दियों का प्रकोप राजधानी में अब तक कम रहा है। लेकिन आगे कुछ दिन ठंड जबरदस्त ठिठुरन का अहसास करवा सकती है।

एनडी यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर के मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर सुबह घना कोहरा छा सकता है। औसत तापमान सामान्य के नीचे रहेगा। इससे कुछ दिन सर्दी से राहत नहीं मिलेगी। वैज्ञानिकों के मुताबिक 8 व 9 जनवरी को अधिकांश स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। पूर्वी यूपी के जिलों में न्यूनतम ताप 10.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। वहीं 3 किमी. प्रतिघंटा की रफ्तार से पूर्वी हवा चलने की संभावना है।