Follow Us:

पंजाब में जनता तय करेगी ‘AAP’ का CM चेहरा, केजरीवाल ने लोगों की राय के लिए नंबर किया जारी

डेस्क |

पंजाब में विधानसभा चुनावों की घोषणा हो चुकी है। चुनावों से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पंजाब दौरे पर निकले हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पंजाब में सीएम चेहर को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए जनता से सुझाव मांगा है। केजरीवाल ने कहा पंजाब में मुख्यमंत्री कौन होगा इसका फैसला जनता करेगी। पार्टी के लिए जनता की पसंद महत्वपूर्ण है। उन्होंने इसके लिए एक टेलीफोन नंबर 7074870748 जारी किया है। इन मोबाइल नंबर पर पंजाब की जनता 17 जनवरी शाम 5 बजे तक मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर अपनी राय दे सकती है। जनता जिसका भी नाम तय करेगी वही पंजाब में सीएम का चेहरा होगा।

केजरीवाल ने कहा कि भगवंत मान पंजाब में उनके सबसे बड़े नेता हैं और उनके छोटे भाई। हम भी कमरे में बैठकर कह रहे थे कि भगवंत मान को बना देते हैं लेकिन इन्होंने कहा कि नहीं जनता से पूछना चाहिए। भगवंत मान ने कहा ​कि जनता मुझे जो ज़िम्मेदारी देगी मैं वो ज़िम्मेदारी पूरी करूंगा, बंद कमरे में मुख्यमंत्री का चेहरा तय करने का सिलसिला बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लोगों के जवाब के आधार पर अपने मुख्यमंत्री के चेहरे का ऐलान करेगी।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में मुख्यमंत्री का चेहरा एक हफ्ते में घोषित कर दिया जाएगा। पंजाब में 25 साल कांग्रेस और 19 साल बादल परिवार ने राज किया। दोनों पार्टियों में गठजोड़ की सरकार चल रही थी। कांग्रेस अकालियों के काले कारनामों पर पर्दा डालने का काम करती थी और अकाली कांग्रेस के। अब लोग इस बार बदलाव चाह रहे हैं। 2017 में पार्टी से कुछ गलतियां हुई थीं, लेकिन इनको दोहराया नहीं जाएगा।

बता दें कि पंजाब में एक चरण में सभी 117 सीटों पर 14 फरवरी को मतदान होगा। जबकि 10 मार्च को वोटों की गिनती होगी।