Follow Us:

अरुणाचल में आए बर्फीले तूफान में हिमाचल का जवान अंकेश भी लापता

डेस्क |

अरुणाचल प्रदेश में 6 फरवरी को पेट्रोलिंग के दौरान बर्फीला तूफान आने से सेना के 7 जवान लापता हो गए हैं। लापता जवानों में एक हिमाचल प्रदेश के घुमारवीं उपमंडल के सेऊ गांव का अंकेश भारद्वाज भी शामिल है। सभी लापता 7 जवान 19 जैक बटालियन के बताए जा रहे हैं। लापता जवानों की तलाश के लिए सर्च अभियान जारी है लेकिन अभी तक उनका कहीं कोई पता नहीं चल पाया है।

जानकारी के अनुसार यह सात जवानों का गस्ती दल अरुणाचल की दुर्गम पहाड़ियों पर गश्त कर रहा था। इसी बीच अचानक खराब मौसम और बर्फीला तूफान आने की वजह से यह दल 6 फरवरी को लपाता हो गया। इन सात जवानों का पिछले 24 घंटों से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी कोई पता नहीं चल पाया है।

बिलासपुर के जवान अंकेश भारद्धाज के पिता पांचा राम को अरुणाचल से हेड क्वार्टर से फोन के जरिये सूचना मिली थी कि उनका बेटा बर्फीले तूफान में चपेट में आने से लापता हो गया है।

बता दें कि 22 साल का अंकेश साल 2019 में सेना में भर्ती हुआ है। अंकेश के पिता भी सेना में रह चुके हैं। अंकेश जैक-19 रायफल में सेवारत है। सूचना मिलने के बाद से अंकेश का परिवार सदमे में है। अंकेश के परिजनों, रिश्तेदारों सहित जिला बिलसपुर में सभी अंकेश भारद्वाज की सकुशल सलामती के प्रति भगवान से दुवाएं मांग रहे हैं।