Follow Us:

भाजपा ने सोची समझी रणनीति के तहत बढ़ाई नगर निगम के वार्डों की संख्या: कांग्रेस

पी.चंद |

प्रदेश सरकार ने नगर निगम शिमला चुनावों से ठीक पहले नगर निगम शिमला में 7 नए वार्डों को जोड़ा है जिससे अब वार्डों की संख्या 34 से बढ़कर 41 हो गई है। कांग्रेस ने इस पर निशाना साधा है और कहा है कि भाजपा जो मर्जी कर ले बीजेपी निगम में अब की बार काबिज नहीं हो पाएगी।

कांग्रेस वरिष्ठ प्रवक्ता नरेश चौहान ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने आगामी नगर निगम के चुनाव में सोची समझी रणनीति के तहत शहर मे वार्डों की संख्या बढाई है। उन्होंने बताया कि शहर से लगते कई क्षेत्रों की जनता कारपोरेशन एरिया मे शामिल होना चाहती है और सरकार ने उन्हे सिर्फ अपने हितों को देखते हुए नजरअंदाज किया है।

उन्होंने बताया कि भाजपा ने शिमला मे कोई भी विकास कार्य नहीं किए है जिससे अब नगर निगम चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने नगर निगम चुनाव को पार्टी चिन्ह पर करवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस निगम चुनाव के लिए तैयार है और जनता के समर्थन से बहुमत हासिल करेगी।