Follow Us:

16 साल के प्रागननंदा ने नंबर एक खिलाड़ी शतरंज खिलाड़ी कार्लसन को हराया

डेस्क |

भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर प्रागननंदा ने बड़ा उलटफेर करते हुए ऑनलाइन रैपिड शतरंज टूर्नामेंट एयरथिंग्स मास्टर्स के 8वें दौर में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नार्वे के मैगनस कार्लसन को हराकर सभी को चौंकाया। 16 वर्षीय प्रागननंदा ने सोमवार को खेली गई बाजी में काले मोहरों से खेलते हुए कार्लसन को 39 चाल में हराया। प्रागननंदा की शतरंज के किसी भी फार्म में कार्लसन के खिलाफ यह पहली जीत है।

उन्होंने इस तरह से कार्लसन के विजय अभियान पर भी रोक लगाई जिन्होंने इससे पहले लगातार तीन बाजियां जीती थी। भारतीय ग्रैंडमास्टर के इस जीत से 8 अंक हो गए हैं और वह 8वें दौर के बाद संयुक्त 12वें स्थान पर हैं। पिछले दौर की बाजियों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले प्रागननंदा की कार्लसन पर जीत अप्रत्याशित रही। उन्होंने इससे पहले केवल लेव आरोनियन के खिलाफ जीत दर्ज की थी। इसके अलावा प्रागननंदा ने दो बाजियां ड्रा खेली, जबकि चार बाजियों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

प्रागननंदा ने अनीश गिरी और क्वांग लीम के खिलाफ बाजियां ड्रा कराई थी, जबकि एरिक हैनसेन, डिंग लिरेन, जान क्रिजस्टोफ डूडा और शखरियार मामेदयारोव से उन्हें हार झेलनी पड़ी थी। कुछ महीने पहले कार्लसन से विश्व चैंपियनशिप का मुकाबला हारने वाले रूस के इयान नेपोमनियाचची 19 अंक के साथ शीर्ष पर हैं। उनके बाद डिंग लिरेन और हैनसेन (दोनों 15 अंक) का नंबर आता है।

कुल 16 खिलाड़ी ले रहे भाग

एयरथिंग्स मास्टर्स में 16 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इसमें खिलाड़ी को जीत पर तीन अंक और ड्रा पर एक अंक मिलता है। प्रारंभिक चरण में अभी सात दौर की बाजियां खेली जानी बाकी हैं। प्रागननंदा ने बेहद कम उम्र से ही अपने प्रदर्शन से सभी को चौंकाया है। वह 2016 में इतिहास के सबसे युवा अंतरराष्ट्रीय मास्टर बने थे। उस वक्त उनकी उम्र 10 साल 10 महीने और 19 दिन थी। इसके दो साल बाद ही प्रागननंदा सर्गे कारजाकिन के बाद दूसरे युवा ग्रैंडमास्टर बने थे।

कौन हैं आर प्रगाननंदा?

आर प्रागननंदा पांचवें सबसे युवा ग्रैंडमास्टर हैं। उनसे पहले अभिमन्यू मिश्रा, सर्जी कर्जाकिन, गुकेश डी और जावोखिर सिंडारोव भी कम उम्र में यह उपाधि हासिल कर चुके हैं। 2013 में उन्होंने अंडर-8 वर्ल्ड यूथ शतरंज चैंपियनशिप जीती थी। 2017 में वर्ल्ड जूनियर शतरंज चैंपियनशिप के बाद उन्हें पहली बार ग्रैंडमास्टर की उपाधि मिली। पिछले साल उन्होंने पोल्गर चैलेंज जीता था और उन्होंने 2021 में भी वर्ल्ड चैंपियन मैगनस कार्लसन के साथ ड्रॉ खेला था।