Follow Us:

हिमाचल में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड! ऊना और शिमला में सीजन का सबसे गर्म दिन

डेस्क |

तापमान बढ़ने के साथ ही पहाड़ तपने लगे हैं। हिमाचल प्रदेश के मैदानी जिलों में भीषण गर्मी और लू ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अलर्ट के बीच प्रदेश के ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा जिले के कई क्षेत्रों में मंगलवार को भी लू ने लोगों को बेहाल किया। ऊना व शिमला में मंगलवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड हुआ।

शिमला में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जोकि सोमवार को 24.7 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं, ऊना में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, सोमवार को यहां 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बुधवार को भी प्रदेश के मैदानी और मध्य पर्वतीय 10 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी हुई है। दो अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ बना रहने का पूर्वानुमान है।

उधर, मंगलवार को राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। मंगलवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 36, सुंदरनगर 35, हमीरपुर 35, कांगड़ा 34.2, चंबा 33.6, भुंतर 32.5, सोलन 32.5, धर्मशाला 32.2, शिमला 26, डलहौजी 22.9, कल्पा 22.9 और केलांग में 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा जिले के निचले क्षेत्रों में बुधवार को भी लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।