Follow Us:

हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस का खेल खत्म करेगी AAP: सत्येंद्र जैन

बीरबल शर्मा |

आमआदमी पार्टी के हिमाचल चुनाव प्रभारी एवं दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश के आने वाले विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि बुधवार छह अप्रैल को हिमाचल के हृदय स्थल एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी में आप के संयोजक केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का रोड शो और रैली का आयोजन किया जा रहा है। जिसको लेकर लोगों में भारी उत्साह है। मंडी में पत्रकारों से बात करते हुए सत्येंद्र जैन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा आपस में फ्रैंडली मैच खेलती रही है। कभी एक पार्टी सत्ता में आती है तो कभी दूसरी, जिसकी वजह से इन दोनों ही दलों द्वारा प्रदेश में विकास के कार्य नहीं करवाए गए। मगर अब आम आदमी पार्टी दोनों दलों के इस खेल को खत्म कर दिल्ली की तर्ज पर हिमाचल में भी विकास कार्य करवाएंगे।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सत्ता में आती है तो भ्रष्टाचार को खत्म करेंगे। वहीं हिमाचल के सरकारी स्कूलों में दिल्ली की तर्ज पर शिक्षा के ढांचे में सुधार करेंगे। वहीं कृषि, बागवानी, पर्यटन में सुधार करने के अलावा यहां के प्राकृतिक संसाधनों का उचित दोहन कर कल्याणकारी राज्य बनाएंगे। हिमाचल प्रति व्यक्ति आय के मामले में देश में 14वें स्थान पर है। सबसे पहले हिमाचल में प्रति व्यक्ति आय में सुधार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हिमाचल का बजट पूर्व में दिल्ली से अधिक होता था, मगर अब दिल्ली का बजट हिमाचल से अधिक है।

सत्येंद्र जैन ने कहा कि हिमाचल को कल्याणकारी राज्य बनाएंगे। उन्होंने कहा कि अगर नेताओं को फ्री सुविधाएं मिल सकती है तो जनता को फ्री सुविधाएं क्यों न मिले। दुनिया के जितने भी विकसित देश हैं वहां पर स्वास्थ्य और शिक्षा मुफत होती है। जनता के पैसे को ठीक ढंग से खर्च करेंगे बर्बाद नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि हम कल्याणकारी राज्य की अवधारना को लेकर आएं हैं । जिसमें नेताओं के बजाय जनता को सुविधाएं प्रदान की जाएगी।

सत्येंद्र जैन ने कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी के आने से नर्वस हो चुकी है। दिल्ली की तरह हिमाचल में कांग्रेस शून्य हो जाएगी। जबकि भाजपा को हराना हमें आता है। दिल्ली में हम भाजपा को दो बार हरा चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब तक हिमाचल में भाजपा व कांग्रेस के रूप में बी और सी ग्रेड था । मगर आप के आने से ए ग्रेड मिलेगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के 15 दिनों में तीन लाख सदस्य बनें हैं। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के अच्छे लोग आप में शामिल हो रहे हैं, वे टिकट के लालच में नहीं व्यवस्था परिवर्तन केलिए आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि उनके संपर्क में भाजपा और कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता हैं, जिनमें कई पूर्व और वर्तमान मंत्री भी हैं।