Follow Us:

सोनिया गांधी से मुलाकात कर शिमला पहुंची प्रतिभा सिंह, कांग्रेस को एकजुट करने की कही बात

पी.चंद |

पी.चंद, शिमला।

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के बाद स्वागत की होड़ नज़र आ रही है। नेता स्वागत के बहाने भीड़ इक्कठी कर शक्ति प्रदर्शन करने का संदेश दे रहे हैं। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मुखिया प्रतिभा सिंह का शिमला पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। इससे पहले परवाणु, जाबली, धर्मपुर, सोलन, कुमारहट्‌टी, कंडाघाट में उनका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद प्रतिभा सिंह सोमवार को दिल्ली से शिमला लौट आई हैं। विधानसभा चुनाव से पहले शक्ति प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस पार्टी चुनावी माहौल बनाने में जुट गईं हैं।

सोनिया गांधी से मुलाकात करके लौटी प्रतिभा सिंह ने कहा कि वह दिल्ली उनका आभार व्यक्त करने गईं थी। सोनिया गांधी ने सबको एक साथ चलने की नसीहत दी है। जिस पर अमल किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी को एकजुट कर 2022 का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। AAP हिमाचल में कहीं नहीं है कांग्रेस की लड़ाई BJP से है। लेकिन BJP से भी प्रदेश की जनता का मोह भंग हो चुका है। BJP सरकार अपने कार्यकाल में कुछ नहीं कर पाई है अब उसकी भरपाई BJP अंतिम समय में लोकलुभावन घोषणाएं कर पूरा करने का प्रयास कर रही है जो कभी नहीं होगी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती है।

शिमला के चौड़ा मैदान में 5 मई को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ​​​​​​प्रतिभा सिंह ​और चुनाव प्रचार समिति के चेयरमैन सुखविंद्र सिंह सुक्खू का अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी दिन प्रतिभा सिंह और सुखविंद्र सूक्खू पदभार भी ग्रहण करेंगे। इसमें कांग्रेस के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। चुनाव प्रचार समिति के चेयरमैन सुखविंद्र सिंह सुक्खू का भी 4 मई को स्वागत किया जाएगा। सुक्खू भी परसों सुबह परवाणु से शिमला के लिए आएंगे।