Follow Us:

कांगड़ा-चंबा के युवाओं को सेना में भर्ती होने का सुनहरा मौका, धर्मशाला पुलिस मैदान में होगी भर्ती

समाचार फर्स्ट डेस्क |

कोरोना संकट के बीच हिमाचल के 2 जिलों के सेना में भर्ती होने की चाह रखने वाले युवाओं को राहत भरी खबर आई है। कांगड़ा चंबा के युवाओं के लिए पुलिस मैदान धर्मशाला में 18 से 28 सितंबर तक सेना भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती सोल्जर सामान्य ड्यूटी और सोल्जर कलर्क के पदों के लिए होगी। इसके लिए आज 22 जुलाई से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गए हैं। भर्ती की चाह रखने वाले युवा 4 सितंबर तक ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। आवेदन करने वाले अभयर्थियों को 5 सितंबर से उनकी ई-मेल आईडी पर एडमिट कार्ड भेजे जाएंगे।

सामान्य ड्यूटी सोल्जर के लिए 17 से 21 आयु वर्ग के युवक जो एक अक्तूबर 1999 से एक अप्रैल, 2003 के बीच जन्मे हों, वे इस भर्ती प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं। साथ ही दसवीं की परीक्षा में 45 प्रतिशत अंकों के साथ पास करना अनिवार्य होगा। वहीं, क्लर्क भर्ती के लिए उम्र 17 से 23 वर्ष होनी चाहिए और 12वीं की परीक्षा में 60 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।