Follow Us:

चंबा: आश्रम में 6 अनाथ बच्चियों के साथ ‘दुष्कर्म’, 3 गिरफ्तार

समाचार फर्स्ट डेस्क |

जिला चंबा के बालिका आश्रम चिल्ली में 6 अनाथ बच्चियों के साथ आश्रम के ही 3 कर्मचारियों द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आश्रम के 3 कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार चुराह उपमंडल में मौजूद बालिका आश्रम चिल्ली जिसमें कि वर्तमान में 32 बालिकाएं पनाह लिए हुए हैं। उनमें से 6 बालिकाओं ने अपने साथ आश्रम के स्टाफ  कर्मियों द्वारा दुष्कर्म करने की बात कही है।

यह मामला उस समय उजागर हुआ जब गत रविवार को इस आश्रम में एक साक्षरता शिविर आयोजित किया गया था। उस दौरान चाइल्ड वैल्फेयर कमेटी के सदस्य भी मौजूद थे। जब चाइल्ड वैल्फेयर कमेटी ने लड़कियों से बातचीत की और जब उनकी काऊंसलिंग की तो एक नाबालिग लड़की ने अपने साथ दुष्कर्म होने की बात कही।

वहीं, इस मामले पर चाइल्ड वैल्फेयर कमेटी ने मामले की रिपोर्ट तैयार करके जिला प्रशासन को सौंपी है। जानकारी मिलने पर मंगलवार शाम करीब 4 बजे जिलाधीश चंबा सुदेश मोख्टा ने अपने कार्यालय में बैठक बुलाकर मामले पर कार्रवाई करने के पुलिस को आदेश जारी किए।

आश्रम के स्टॉफ पर लगाया दुष्कर्म का आरोप:-

DSP सलूणी महेंद्र मन्हास को जांच का जिम्मा सौंपा गया जिसके चलते उक्त पुलिस अधिकारी ने चिल्ली आश्रम जाकर लड़कियों से बातचीत की तो 5 और लड़कियों ने भी अपने साथ दुष्कर्म होने की बात कही। पीड़ित बालिकाओं ने आश्रम के अकाऊंटैंट, सफाई कर्मी व कुक पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके खिलाफ IPCकी धारा 354 और पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।