Follow Us:

बिलासपुरः 1 साल तक तंग करने के बाद महिला के साथ दुष्कर्म करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार

सुनील ठाकुर, बिलासपुर |

जिला बिलासपुर के घुमारवीं क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने कहा है कि मामले का आरोपी उसे बीते 1 साल से तंग करता आ रहा है। पहले आरोपी उसे फोन करता रहता था। उसे और उसके परिवार को जान से मार देने की धमकियां भी देता था। महिला का आरोप है कि आरोपी रफी खान लगभग 1 माह पहले उसकी गऊशाला में आया और उसके साथ जबरन दुराचार कर दिया। आरोपी ने उसे धमकियां दीं कि यदि उसने पुलिस और अपने परिजनों को इस बारे में बताया तो वह उसे जान से मार देगा।

महिला का कहना है कि उसके साथ हुए दुराचार को लेकर वह चुप रही लेकिन एक सप्ताह पूर्व आरोपी ने उसे दोबारा फोन किया और उसके घर आने को कहा, लेकिन पीड़िता ने उसकी बात नहीं मानी। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब वह आरोपी की इन बातों से डर गई तो उसने सारी घटना अपनी सास और पति को बताई। पुलिस ने महिला का मेडिकल करवाकर इस संबंध में मामला दर्ज़ कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ कर रही है। डीएसपी राजेंद्र कुमार जसवाल ने मामले की पुष्टि की है।