Follow Us:

चंबाः दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, भूस्खलन ने ली विवाहित जोड़ों की जान

मनोज धीमान |

चंबा में लोहड़ी और मकर संक्रांति के पावन पर्व पर दो परिवारों पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा कि वह उम्रभर इन जख्मों को भूला नहीं पाएंगे। पतियों संग हंसी खुशी मायके जा रही दो महिलाओं पर कुदरत ने कहर ढहा दिया। दबे पांव आई मौत ने एक महिला और दूसरी पति पत्नी को हमेशा की नींद सुला दिया। गागला पंचायत में चंबा-धुलाड़ा मार्ग पर नरालपट्टा में अचानक हुए भूस्खलन के मलबे की चपेट में राधा पत्नी काकू राम निवासी भड़ियांकोठी और काजल पति तिलक पुत्र धर्म चंद निवासी सरहान की मौत हो गई।

दोनों महिलाएं लोहड़ी और मकर संक्रांति पर मायके जा रही थी। उनके पति भी साथ थे। वह एचआरटीसी की बस से उतरे और आगे गागला गांव की ओर सड़क से पैदल जाने लगे। लेकिन किसी को भी पता नहीं था कि उनमें से राधा और काकू का यह जिंदगी का आखिर सफर होगा। राधा पत्नी काकू राम छह माह से गर्भवती बताई जा रही है। उनके स्वजनों को कुछ समय बाद नए मेहमान के आने का इंतजार था। इसके लिए तैयारियां भी जोर शोर से की जा रही थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। महिला के साथ उसके पेट में पल रहे छह माह के बच्चे की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है।

50 दिन भी पति का साथ नहीं निभा पाई काजल

दूसरी तरफ काजल अपने पति तिलक के साथ शादी के बाद पहली मकर संक्रांति पर मायके गागला जा रही थी। काजल की शादी गत साल 27 नवंबर को हुई थी। दोनों की शादी किए हुए अभी 50 दिन भी पूरे नहीं हुए थे कि वह हमेशा के लिए बिछुड़ गए। काजल के मायके में मकर संक्रांति पर आने की खुशी में पूरी तैयारियां की गई थी। लेकिन घर से कुछ ही दूरी पर भूस्खलन की चपेट में आने से काजल का पति तिलक मौत के क्रूर पंजों में समा गया। गागला में जैसे ही भूस्खलन के बारे में सूचना मिली सभी लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यो में जुट गए, लेकिन तिलक को नहीं बचाया जा सका। काजल को कांगड़ा स्थित टांडा अस्पताल के लिए रेफर कर दिया पर रात को टांडा ले जाते समय काजल ने दम तोड़ दिया। चंबा में किसी त्योहार पर ऐसा दर्दनाक हादसा पहली बार हुआ है। मकर संक्रांति के दिन जिस किसी को भी इस दुर्घटना के बारे में जानकारी मिली, वह सारा कार्य छोड़कर घटनास्थल पर पहुंचा।

विधायक नैयर भी पहुंचे घटनास्थल

चंबा सदर के विधायक पवन नैयर को जब हादसे की सूचना मिली तो वह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे हालात का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया। वह पीड़ितों के स्वजनों से मिले और उन्हें ढाढस बंधाया। विधायक ने कहा कि मृतकों के स्वजनों को सरकार की ओर से उचित सहायता मुहैया करवाई जाएगी।