Follow Us:

चंबा: शादी समारोह में जा रहे व्यक्ति के सिर पर पहाड़ी से गिरा पत्थर, मौत

समाचार फर्स्ट डेस्क |

बकाणी-धरवेटा मार्ग पर बुधवार दोपहर पत्थर लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मान सिंह पुत्र टीटू राम निवासी गांव कलवारा ग्राम पंचायत बकाण के रूप में हुई है। मान सिंह बुधवार को घर से थाणा गांव में अपने रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में भाग लेने के लिए निकला था।

इस दौरान जब वह करीब सवा 12 बजे बकाणी के समीप पहुंचा तो पहाड़ी से गिरा पत्थर उसके सिर पर आकर लगा, जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके उपरांत आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने तुरंत हादसे के बारे में मान सिंह के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने बताया कि बकाणी में पत्थर लगने से व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक मान सिंह दर्जी का काम करता था। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया है। राजस्व विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये फौरी राहत राशि प्रदान कर दी गई है।