Follow Us:

शिमला में बारिश से फ़िर गिरे पेड़, बाल-बाल बचे सरकारी आवास

पी. चंद, शिमला |

शिमला में बीते दिन से जमकर बारिश हो रही है। इस बारिश ने अपना रौद्र रूप भी दिखाना शुरू कर दिया है। भारी बारिश के चलते शिमला के देवदार के पेड़ धड़ाम से गिरने लगे हैं। पेडों के गिरने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात से अब तक राजभवन के आसपास 4 पेड़ गिर चुके हैं।

बेनमोर वार्ड में गिरे इन पेड़ों से कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। जिस जगह ये पेड़ गिरे हैं वहां वीआईपी के सरकारी आवास हैं जिनको कोई नुकसान नहीं हुआ है। शिमला की खूबसूरती को चार चांद लगाने वाले देवदार के पेड़ बारिश के मौसम में लोगों को डराने लगते हैं।

शिमला के देवदार के पेड़ों की उम्र 100 साल से ज़्यादा हो चुकी है। ये बूढ़े पेड़ शिमला के लिए ख़तरा बन चुके हैं। वैसे भी देवदार के पेड़ों की जड़ें बहुत कम होती हैं। जैसे ही पेड़ के नीचे थोड़ी खुदाई की जाए या फ़िर जड़ों से मिट्टी निकल दी जाए तो देवदार गिर जाता है। कुछ लोग अपने घरों  के आसपास पेड़ों को गिराने के लिए कई बार जड़ों को खोखला कर देते हैं। ये भी एक कारण है कि रियायशी इलाकों में पेड़ गिरते हैं। शिमला में हर बारिश के मौसम में पेड़ों के गिरने का सिलसिला शुरू हो जाता है। लेकिन सरकार और प्रशासन पेडों को लेकर ज़्यादा गंभीर नहीं हैं। क्योंकि इन्ही पेडों की वजह से शिमला की खूबसूरती और पर्यटक हैं।