मंडी में देवता के नाम पर महिला के साथ बदसलूकी के बाद बुजुर्ग महिला सहित सारा परिवार सदमे में आ गया है। पुलिस ने 20 लोगों पर एफआईआर दर्ज़ की है। मुंह पर कालिख पोतकर वृद्धा को गांव में घुमाने के मामले में वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें 12 पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सरकाघाट थाना में देवता का रथ लेकर 300 से अधिक कार-कारिंदे पहुंच रहे हैं। हंगामे के आसार को देखते हुए मंडी से पुलिस के बड़े अधिकारी सरकाघाट पहुंच गए हैं। वृद्धा से क्रूरता के मामले में पीड़िता की बेटी हमीरपुर में मीडिया के सामने फूट-फूट कर रोई। पीड़िता की बेटी का कहना है कि वह उस गांव में कभी नहीं जाएंगे। उन्हें आरोपियों और उनके रिश्तेदारों की तरफ से कत्ल करने की धमकियां मिल रही हैं। पीड़िता राजदेई की बेटी तृप्ता ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से एक बार फिर इस मामले में मदद मांगी है।
बता दें कि मंडी के सरकाघाट में शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां कुछ लोगों ने एक बुजुर्ग महिला को डायन बताकर पीटा, मुंह काला किया, जूतों की माला पहनाई और घर को जलाने की कोशिश की थी। बुजुर्ग महिला पर धर्म के कुछ तथाकथित ठेकेदारों का आरोप है कि महिला ने गांव के लोगों पर कोई देवता लगाया है, जिससे गांव में अनिष्ट हो रहा है। देवता के नाम पर इनका घर जलाने का प्रयास किया गया। घर में रखे सामान को जला दिया गया। जब इन लोगों का दिल नहीं भरा तो एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का मुहं काला कर जूते की माला पहनाई और सरेआम घसीटा गया।
इस सारी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि गांव के लोग किस तरह से बुजुर्ग महिला के साथ जानवरों से भी बदतर व्यवहार कर रहे हैं। वहीं, बुजुर्ग महिला के परिजन जब शिकायत लेकर पुलिस के पास पहुंचे तो दूसरे पक्ष ने शिकायत पत्र फाड़ दिया।



