Follow Us:

हमीरपुर: रसोई घर में घुसा तेंदुआ, खाना खा रहे दंपती पर किया हमला, ऐसे बचाई जान

कमल कृष्ण |

नादौन उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत पुतडियाल में एक घर के बाहर तेंदुए का बच्चा मृत पाया गया है। जानकारी के अनुसार, हमीरपुर के के पुतड़ियाल गांव में रात को एक रसोई घर तेंदुआ घुस गया। इस दौरान तेंदुए ने खाना खा रहे दंपती पर हमला कर दिया। बचाव में दंपति ने तेंदुए पर लकड़ी से वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

गांव निवासी बलवंत कुमार ने पुलिस को दिए अपने बयान में कहा है कि शनिवार को तेंदुए ने उसकी माता पर हमला करने का प्रयास किया। हमले के समय यह तेंदुआ कुछ घायल दिख रहा था। बलवंत ने बताया कि रात के समय जब वह अपने परिवार सहित घर की रसोई में खाना खा रहा था, तो उसने देखा कि यह तेंदुआ रसोई घर की ओर अंदर आ रहा था। बलवंत ने बताया कि उसे भगाने के लिए उसने तेंदुए पर डंडे से प्रहार किया, चोट लगते ही तेंदुआ घर से बाहर भाग गया। रविवार सुबह जब परिवार अपने दैनिक कार्य में लगा था तब किसी ने देखा कि घर के निकट ही तेंदुआ मृत पड़ा था। इसके बाद उसने उसकी सूचना पंचायत प्रधान को दी।

पंचायत प्रधान की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने छानबीन करने के बाद नादौन पुलिस को सूचना दी, मौके पर पहुंचकर वन परिक्षेत्र अधिकारी एसके ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही मामले की छानबीन की गई और पुलिस विभाग को सूचित किया गया। उन्होंने बताया कि मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम करवाकर उसकी देह को जला दिया गया है। थाना प्रभारी प्रवीण राणा ने बताया कि मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है। वहीं पता चला है कि तेंदुए के सिर व आंख पर चोट का निशान था। इस घटना को लेकर क्षेत्र भर में कई तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।