Follow Us:

UP: बुलंदशहर में तेज़ रफ्तार बस ने श्रद्धालुओं को कुचला, 7 लोगों की दर्दनाक मौत

समाचार फर्स्ट डेस्क |

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक भीषण हादसा सामने आया है जिसमें सड़क किनारे सो रहे श्रद्धालुओं को बस ने कुचल डाला। इस हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में चार महिला और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। ये लोग गंगस्नान के लिए हाथरस से नारौरा घाट जा रहे थे और रास्ते में रुक कर आराम कर रहे थे कि तभी ये हादसा हो गया। बस ड्राइवर बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद निजी बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। बस वैष्णो देवी से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही थी। हादसे में जख्मी कुछ लोगों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतकों के नाम

फूलवती पत्नी महेंद्र सिंह उम्र 65 साल, माला देवी पत्नी उदयवीर उम्र 32 साल, कल्पना पुत्री उदयवीर उम्र 3 साल निवासी मोहनपुरा थाना चंदवा हाथरस, शीला देवी पत्नी सरनाम सिंह उम्र 35 साल, योगिता पुत्री सरनाम सिंह उम्र 5 साल निवासी परमेश्वर गेट थाना दक्षिण फिरोजाबाद, रेनू पत्नी जितेंद्र उम्र 22 साल, संजना पुत्री जितेंद्र उम्र 4 साल निवासी हरदुआगंज जिला अलीगढ़ के रुप में हुई है।