Follow Us:

हिमाचल: चंबा के जलाड़ी में J&K पुलिस ने दागे आंसू गैसे के गोले, जानें क्या है पूरा मामला

डेस्क |

जिला चंबा के किहार सेक्टर में J&K पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे हैं। घटना किहार के जलाड़ी गांव में पेश आई है। यहां गुरूवार रात को जम्मू पुलिस के जवान और कुछ ग्रामीण जलाड़ी गांव में पहुंचे। यहां पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच बहसबाजी भी हुई। मामला इतना बढ़ गया कि जम्मू पुलिस ने ग्रामीणों पर आंसू गैसे के गोले दाग दिया। इस घटना में कुछ ग्रामीणों को चोट भी आई है। सूचना मिलने पर किहार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत करवाया। वहीं, ग्रामीणों के शिकायत पर जम्मू पुलिस के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया गया है।

बताया जा रहा है कि जलाड़ी गांव का एक युवक जम्मू के डोडा गांव की नाबालिग लड़की को भगाकर ले आया है। मामले को लेकर लड़की के घरवालों ने जम्मू पुलिस में मामला दर्ज करवाया। नाबालिग लड़की को बरामद करने के लिए गुरुवार रात को जम्मू के डोडा जिला के 35 पुलिसकर्मी, जिनमें महिला कर्मचारी भी शामिल थीं, हथियार लेकर पुलिस थाना किहार के दायरे में आने वाले जलाड़ी गांव में पहुंच गए। यहां स्थानीय ग्रामीणों के साथ उनकी बहसबाजी हुई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस और ग्रामीणों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस ने ग्रामीणों पर आंसू गैस के गोले दाग दिए। घटना में कई ग्रामीण घायल हुए।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि जम्मू-कश्मीर पुलिस कर्मचारियों ने शराब पी थी और उनके घरों में जबरन घुस रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो पुलिस कर्मचारियों ने उन पर आंसू गैस के गोले दाग दिए। ग्रामीणों की शिकायत पर हिमाचल पुलिस ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। शुक्रवार सुबह इन पुलिसकर्मियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किहार में मेडिकल करवाया।