Follow Us:

कांगड़ा: सुबह-सवेरे खाई में गिरी कार, 2 युवकों की मौत 2 गंभीर रूप से घायल

मृत्युंजय पुरी |

मृत्युंजय पुरी, कांगड़ा।

जिला कांगड़ा के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां बुधवार सुबह धारकंडी के कानोल में एक कार हादसे में दो युवकों की मौत हो गई जबकि 2 युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायल युवकों को इलाज के लिए टांडा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

मृतकों की पहचान विवेक (30) पुत्र रमेश चंद, गांव रुलेहड़, डाकघर वोह, तहसील शाहपुर, अजय कुमार (32) पुत्र ठाकुर सिंह गांव भुथ वां, डाकघर धुलारा, तहसील सिहुंता जिला चंबा के तौर पर हुई है। जबकि घायलों में बृज लाल (28) पुत्र सरदार सिंह और संदीप कुमार (29) पुत्र कृष्ण चंद शामिल है। दोनों घायल गांव धुलारा तहसील सिहुंता जिला चंबा के रहने वाले हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के मुताबिक हादसा आज बुधवार सुबह करीब 5 बजे हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय 4 युवक कार (एचपी 54सी 9633) में सवार होकर नोहली में एक कार्यक्रम में भाग लेने गए थे और सुबह-सुबह ही नोहली से अपने घर के लिए वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कनोल के पास उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में विवेक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल अजय ने टांडा अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक अजय कुमार ही कार ड्राइव कर रहा था।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एएसआई अश्वनी ने बताया कि स्थानीय लोगों से हादसे की जानकारी सुबह साढ़े पांच बजे मिली। जिसके बाद थाना शाहपुर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की टीम साढ़े सात बजे मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों और घायलों को अस्पताल पहुंचा गया। हादसे की परिजनों को सूचना दे दी गई है। मृतक विवेक का धर्मशाला जबकि अजय का टांडा अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि घायलों की हालत काफी गंभीर है। हादसे के प्रमुख कारण का पता नहीं चल पाया है। क्योंकि हादसा रात को हुआ था, इसलिए घायलों के बयान के बाद ही हादसे के कारण का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हुई है।