Follow Us:

कांगड़ा: पड़ोसी ने महिला को दिया छत से धक्का, नीचे गिरने से हुई मौत

डेस्क |

पुलिस थाना कांगड़ा के तहत पड़ते हलेड़कला में एक व्यक्ति ने महिला को छत से धक्का दे दिया। छत से गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हुई महिला की टांडा अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक महिला की पहचान शकुंतला देवी (60) पत्नी रोशन लाल निवासी हलेड़कलां कांगड़ा के तौर पर हुई है। जबकि आरोपी शख्स की पहचान विचित्र सिंह पुत्र पंछी राम के तौर पर हुई है। आरोपी महिला के पड़ोस में ही रहता है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस को दिए बयान में मृतक महिला की बहू ने बताया कि वीरवार दोपहर को उनकी सास शकुंतला देवी घर की छत पर बैठी थी। उनकी छत के साथ उनके पड़ोसी विचित्र सिंह इनके लैंटर पर आकर इसकी सास के साथ धक्का मुक्की करने लगा। जब वह और उसकी जेठानी छत के ऊपर आईं और विचित्र सिंह से अपनी सास को छुड़ाने लगी तो विचित्र सिंह ने इसकी सास को जोर से धक्का दिया और वो छत के किनारे गिरने के बाद नीचे गली में गिर गई। जिसे टांडा अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया।

हालांकि इस घटना के बाद कांगड़ा पुलिस ने विचित्र सिंह के खिलाफ आइपीसी की धारा 452, 323, 504 के तहत मामला दर्ज कर लिया था परंतु टांडा मेडिकल कॉलेज में देर शाम महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला के मौत के बाद कांगड़ा पुलिस ने इस मामले में आइपीसी की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज घर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपित को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है और आगामी छानबीन जारी है।