Follow Us:

कुल्लू: शंगचर में दो मकान चढ़े आग की भेंट, 5 लाख का नुकसान

गौरव, कुल्लू |

जिला कुल्लू की उझी घाटी में शंगचर गांव में दो मकान आग की भेंट चढ़ गए। आगजनी की इस घटना में मोहन लाल और आत्मा राम के मकान जलकर राख हो गए हैं। आग लगने से दोनों परिवारों को करीब 5 लाख का नुकसान हुआ है। आगजनी की यह घटना वीरवार देर रात को पेश आई है लेकिन इसकी सूचना दमकल विभाग को नहीं दी गई।

ग्रामीणों ने अपने ही स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने आग को इधर-उधर फैलने से तो रोक लिया लेकिन इसकी चपेट में आए दो मकानों को नहीं बचाया जा सका। इस आगजनी की सूचना मिलने के बाद पतलीकूहल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगजनी की घटना के कारणों का पता लगाना शुरू कर दिया है। इस घटना में मोहन लाल और आत्मा राम के दो घर जलकर राख हो गए हैं जिसमें करीब 5 लाख के नुक्सान होने का अनुमान लगाया गया है। प्रशासन की टीम नुक्सान का आंकलन करने में जुटी हुई है।