Follow Us:

मंडी: युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने पर पूर्व विधायक सहित चार लोगों पर केस दर्ज

बीरबल शर्मा |

बिलासपुर जिले के सदर हलके के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर और चार अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस थाना पद्धर में एक युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने और साजिश रचने का मामला दर्ज हुआ है। इससे बंबर ठाकुर और चारों नामजद आरोपितों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। केस दर्ज होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पांचों आरोपितों को पूछताछ के लिए तलब करने का निर्णय लिया गया है। पुलिस अब मृतक युवक के स्वजनों के बयान भी कलमबद्ध करेगी। कल तक मामले में केस दर्ज करने से बच रही पद्धर पुलिस ने वायरल वीडियो को अब मत्युकालिक कथन माना है। वीडियो को आधार मान आरोपितों के विरुद्ध केस किया गया है।

बता दें कि बिलासपुर जिले के रहने वाले अंशुल शर्मा ने गत बुधवार रात को मंडी जिले के पद्धर उपमंडल के डंगसाली गांव में जहर निगल आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या करने से पहले अंशुल ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया था। वीडियो में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, दीपक शर्मा, गौरव, अंशुल पंवार और मछली व्यापारी तोता राम से अपनी जान को खतरा बताया था।

अंशुल ने आरोप लगाया था आरोपित उस पर सारे शहर के झूठे आरोप लगा रखे हैं। ये सभी लोग मुझे मारने के बाद मेरे परिवार को मार संपति हथियाना चाहते हैं। मेरे खिलाफ लोगों को भडक़ाया जा रहा है। सभी लोगों से जान को खतरा है। छह माह से जानबुझ कर मुझे पागल घोषित करने की कोशिश हो रही है। आरोपित ऊंची पहुंच वाले है। अंशुल ने प्रशासन से सुरक्षा की गुहार भी लगाई थी। वीडियो कब बनाया गया है। किसकी आइडी से अपलोड हुआ है। आत्महत्या से पहले या बाद का है, पुलिस ने फेसबुक को मेल कर इससे संबंधित जानकारी मांगी है।