Follow Us:

मंडी: सुंदरनगर की विवाहित महिला से हरियाणा में दुराचार, आरोपी गिरफ्तार

सचिन शर्मा |

सुंदरनगर उपमंडल के डैहर की एक विवाहित महिला से बहला-फुसला कर हरियाणा में दुराचार का मामला सामने आया है। विवाहिता महिला को अंबाला से बरामद करने के बाद उसके बयान के आधार पर अब आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को भी अंबाला से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रविंद्र वर्मा उर्फ राजू (37) निवासी गांव वीटा अंबाला हरियाणा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, उपमंडल सुंदरनगर की एक विवाहिता ने आरोपी पर शादी का झांसा देकर अपहरण करने का मामला दर्ज करवाया था। इसके बाद डैहर चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी को पकड़ने के लिए चंडीगढ़ रवाना हुई। बाद में टीम को उसके अंबाला में होने की सूचना मिली। टीम ने जानकारी जुटाने के बाद अंबाला में दबिश देकर आरोपी को उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुंदरनगर गुरबचन सिंह रणौत ने कहा कि पुलिस के पास डैहर क्षेत्र से विवाहिता को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने की शिकायत दर्ज की गई थी। पुलिस टीम ने महिला को हरियाणा के अंबाला से बरामद किया गया था और महिला के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुराचार का मामला भी दर्ज कर दिया गया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।