Follow Us:

मंडी: फेक ID बनाकर महिलाओं को अश्लील संदेश भेजता था युवक, चढ़ा पुलिस के हत्थे

बीरबल शर्मा |

मंडी पुलिस ने 21 साल के एक पंजाबी युवक को धर दबोचने में कामयाबी हासिल की है। ये युवक महिलाओं की फेक आईडी बनाकर उनसे सोशल मीडिया पर अश्लील विडियो और संदेश भेज कर महिलाओं को तंग कर रहा था। पुलिस अधीक्षक मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि पुलिस के पास एक महिला की शिकायत आई थी कि उसे एक व्यक्ति ऑनलाइन संदेश भेजकर तंग कर रहा है और 20 नवंबर को उसने सोशल मीडिया पर नंगी तस्वीरें भेजी हैं।

इस मामले में पुलिस ने 20 नवंबर को 239-21 के तहत आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मडी सदर थाना में एफआईआर दर्ज की। छानबीन के दौरान पाया गया कि एक युवक राजबीर सिंह पुत्र कुलबिंदर सिंह उम्र 21 साल, गांव वैरोवाल भावियां डाकघर खडूर साहिब फेक इंस्टाग्राम आईडी बनाकर इस काम को अंजाम दे रहा है। इसके माध्यम से वह अश्लील पोर्न पोस्टें डालकर महिलाओं को तंग करने में लगा है। पुलिस ने जाल बिछा कर राजबीर सिंह को 15 दिसंबर की रात को 11 बजे मंडी में दबोच लिया और उसे गिरफ्तार करके छानबीन शुरू कर दी।