औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शरारती तत्वों द्वारा घास पर जहरीली दवा के छिड़कने से कई गायों की मौत हो गई। जबकि कई मरने के कगार पर पहुंच चुकी हैं। मामला स्वारघाट रोड पर महादेव खंड के समीप निर्मित शिव शंकर गौशाला का है। इसके अलावा गांव के कुछ लोगों के मवेशी भी इस जहरीले घास को खाकर मर चुके हैं।
गौशाला के प्रधान दौलतराम ने बताया कि उनकी गौशाला में 700 के करीब गाएं हैं। इनमें 100 के करीब हर रोज बाहर चरने के लिए ले जाई जाती हैं। जहां यह गाएं चरती हैं , वहां किसी ने जहरीली दवाई का छिड़काव कर दिया। उन्होंने बताया कि जैसे ही गाएं यहां चरने गईं तो दो गाय की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो की रास्ते में मौत हो गई। इसके अलावा एक गाय की इलाज के दौरान मौत हो गई।
गौशाला प्रबंधन ने तुरंत सरकारी अस्पताल से डाक्टरों को बुलाया गया और मवेशियों का इलाज शुरू किया। प्रधान ने बताया कि आसपास के गांव के भी कई मवेशी जहरीला घास घास खाने से मरे हैं। उन्होंने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि जिस भी व्यक्ति ने यह जहरीला पदार्थ घास में मिलाया है उसकी छानबीन की जाए और आरोपियों को सख्त सजा दी जाए।



