Follow Us:

मैक्लोडगंज बस स्टैंड के पास पुलिस ने बरामद किया अज्ञात साधु का शव

मृत्युंजय पुरी |

पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज के बस स्टैंड के पास शव मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गत देर रात एक अज्ञात साधु का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान 56 वर्षीय शेर भारती के रूप में हुई है। लेकिन यह कहां का रहने वाला है। इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मौका पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया है। जिसका आज पोस्टमार्टम करवाया गया।

जानकारी के अनुसार मृतक साधु दो दिन पहले ही तीन अन्य साधुओं के साथ जसूर से मैक्लोडगंज पहुंचा था। बुधवार देर रात यह साधु मैक्लोडगंज बस स्टैंड के समीप बेसुध अवस्था में पड़ा था, जिस पर उसके साथ आए साधुओं ने सोचा कि वो सोया हुआ है, लेकिन काफी  देर बाद उसे उठाने का प्रयास किया तो वो नहीं उठा, जिस पर साथी साधुओं ने मैक्लोडगंज पुलिस को इस बारे सूचित किया।

पुलिस ने मौका पर पहुंचकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक दृष्टया हॉर्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। एसएचओ मैक्लोडगंज नीरज राणा ने बताया कि गत रात मिली सूचना के आधार पर मौका पर जाकर साधु के शव को कब्जे में लेकर वीरवार को पोस्टमार्टम करवाया गया है। मृतक कहां का रहने वाला है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम उपरांत संरक्षित कर रखा गया है। मृतक के संबंध में किसी को कोई जानकारी हो तो मैक्लोडगंज पुलिस थाना के दूरभाष नंबर 01892-224183 पर संपर्क किया जा सकता है।