Follow Us:

शिमला की कैथू जेल में कैदी ने की आत्महत्या की कोशिश, निगला फिनाइल

पी. चंद, शिमला |

शिमला की कैथू जेल में एक कैदी ने आत्महत्या का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि बैरक को साफ करने के लिए जेल स्टाफ की ओर से दिए गए फिनाइल को कैदी ने निगल लिया। इससे उसकी तबियत बिगड़ गई और उसे आईजीएमसी में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जेल स्टाफ ने कैदी के खिलाफ आत्महत्या की कोशिश करने की शिकायत दे दी है। बालूगंज थाना पुलिस ने कैदी राजेन्द्र उर्फ अजय (26) निवासी जुब्बल के खिलाफ आत्महत्या की कोशिश का केस दर्ज कर लिया है।

आत्महत्या का प्रयास करने वाले इस कैदी को एक हफ्ता पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर कैथू लाई थी। दरअसल बीते 9 दिसम्बर को कार चोरी के केस में जुब्बल की सीजीएम कोर्ट ने उसे 2 साल की सज़ा सुनाई थी। पुलिस के 2 कोंस्टेबल उसे HRTC की बस से शिमला के कंडा जेल ला रहे थे। शाम के वक्त बस जलपान के लिए छैला नामक स्थान पर रुकी, तो राजेन्द्र लघुशंका के बहाने पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

17 दिन बाद वह चिडग़ांव इलाके में गिरफ्त में आया था। वहां वह नशे की हालत में एक महिला से उलझ गया था और उसने महिला के ससुर पर जानलेवा हमला कर दिया। इसे लेकर चिडग़ांव पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।

डीएसपी हेड क्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने बताया कि कैदी ने कल फिनाइल निगल लिया था। इससे उसकी तबियत खराब हुई और उसे आईजीएमसी में भर्ती कराया गया है। इस संदर्भ में उसके खिलाफ आत्महत्या की कोशिश करने पर आईपीसी की धारा 309 में केस दर्ज किया गया है।