Follow Us:

शिमला: चिड़गांव में भीषण अग्निकांड, 10 घर जलकर राख, 1 व्यक्ति जिंदा जला, 2 झुलसे

पी.चंद |

शिमला के रोहड़ू उपमंडल के तहत चिड़गांव में भीषण अग्निकांड हुआ है। यहां पेखा पंचायत के शिस्तवाड़ी गांव में मंगलवार सुबह चार बजे के करीब आग भड़क गई। इस आगजनी में 10 घर जलकर राख हो गए हैं। वहीं, अग्निकांड में एक व्यक्ति के जिंदा जलने से मौत हो गई है। जबकि दो लोग इस आगजनी में बूरी तरह से झुलसे हैं। जिन्हें उपचार के लिए रोहड़ू अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अग्निकांड में जिंदा जले व्यक्ति की पहचान विकास कुमार पुत्र पदम निवासी गांव शिष्ट वाड़ी पेखा के रूप में हुई है। जबकि आगजनी में सुंदर और सुखचैन दोनों बाप बेटा झुलस गए हैं।

बताया जा रहा है काफी मशक्कत के बाद अब आग पर काबू पा लिया गया है। उपायुक्त शिमला भी मौके पर पहुंचे हैं। एसडीएम रोहड़ू ने इसकी पुष्टि की है। राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इस आगजनी में करोड़ों का नुकसान हुआ है।

बता दें कि दो दिन के बाद ही शिमला के रोहड़ू उपमंडल में यह दूसरा बड़ा अग्निकांड है। इससे पहले डुग्याणी गांव में हुए अग्निकांड में एक बुजुर्ग महिला जिंदा जल गई थी। डुग्याणी की राख ठंडी भी नहीं हुई थी कि अब पेखा में एक और बड़े हादसे ने लोगों को झकझोर दिया है।