Follow Us:

सिरमौर: नाहन में 2 सगे भाइयों ने निगला जहरीला पदार्थ, दोनों की मौत

पी.चंद |

नाहन में दो सगे भाइयों द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन कर मौत का मामला सामने आया है। मृतकों की पहचान विजय कुमार (54) और मनोज कुमार (50) निवासी बाल्मीकि बस्ती नाहन के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों भाइयों ने जहर क्यों पिया अभी इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है।

जानकारी के अनुसार पुलिस को शुक्रवार करीब 2:30 बजे के आसपास घटना की सूचना मिली की दो सगे भाईयों ने किसी अज्ञात जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया है। दोनों भाईयों को बेहोशी की हालत में तुरंत ही डॉ वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। हालांकि अभी जहर निगलने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन आशंका जाहिर की जा रही है कि दोनों ने कोई अज्ञात केमिकल द्रव्य का इस्तेमाल किया। मौके से गिलास की बरामदगी भी हुई है। एक अन्य जानकारी के मुताबिक मनोज कुमार बिजली बोर्ड में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत था।

उधर कच्चा टैंक चौकी प्रभारी मनोज ने दोनों भाइयों की मौत की पुष्टि की है। चौकी प्रभारी ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम शनिवार को किया जाएगा। इसके बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।