Follow Us:

सिरमौर: यात्रियों से भरी टैंपो ट्रेवलर पर गिरी चट्टान, महिला की मौत- एक गंभीर रूप से घायल

समाचार फर्स्ट डेस्क |

सिरमौर के शिलाबाग के पास गरिपुल-सैंज सड़क मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। जहां यात्रियों से भरी एक टैंपो ट्रेवलर पर पहाड़ी से बड़ी चट्टान आ गिरी। हादसे में ट्रेवलर में सवार एक महिला की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। मृतक महिला की पहचान अनीता देवी (50) पत्नी प्रमोद कुमार निवासी मनेवल कोटखाई शिमला के रूप में हुई है। जबकि घायल व्यक्ति की पहचान कांशीराम पुत्र आत्माराम निवासी बिल टिक्कर ठियोग के रूप में हुई है। घायल को इलाज के लिए सोलन अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह 11 बजे के करीब यात्रियों से भरी टैंपो ट्रेवलर कोटखाई की तरफ जा रही थी। जैसे ही ट्रेवलर शिलाबाग के पास पहुंची तो उपर पहाड़ी से चट्टान गिरकर ट्रेवलर की छत को चिरते हुए अंदर आ पहुंची। हादसे के समय ट्रेवलर में 11 लोग सफर कर रहे थे । जिसमें एक महिला और व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि अन्य सभी सुरक्षित हैं। घायलों को इलाज के लिए सोलन अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।