Follow Us:

सोलन: रात को ससुराल पहुंचा होमगार्ड, दरवाजा न खोलने पर चालाई गोलियां, पत्नी घायल

पी. चंद, शिमला |

परवाणू में तैनात एक होमगार्ड ने सोलन के डमरोग स्थित अपने ससुराल पहुंचकर पत्नी पर गोलियां चला दी। हादसे में पत्नी घायल हुई है जिसे गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। हादसे में आरोपी की सास और बच्चे बाल-बाल बच गए हैं। इसके बाद सास ने इस सारी घटना की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी होमगार्ड की पहचान भुपेंद्र कुमार पुत्र रामस्वरूप निवासी आरो डीब कसौली सोलन के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है रात को उसके यहां पहुंचने पर किसी ने भी दरवाजा खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खोला। गुस्साए होमगार्ड ने गोली चलाकर दरवाजा खोला और अंदर चला गया। इसके बाद छुपे हुए रिश्तेदारों को बाहर निकालने के लिए उसने और गोलियां चला दीं, इस दौरान एक गोली उसकी पत्नी की टांग पर जा लगी। घायल महिला को उपचार के लिए पीजीआइ में भर्ती करवाया गया है।

होमगार्ड ने सरकारी बंदूक से फायरिंग की है। यह घटना रात 12 बजे के बाद की है। होमगार्ड की ड्यूटी परवाणू में हिमाचल प्रदेश के प्रवेशद्वार पर थी, जहां से वह घर जाने का बहाना बनाकर निकल आया व इस दौरान सरकारी बंदूक भी साथ ही ले आया। मामले की पुष्टि एएसपी शिव कुमार ने की है। उन्होंने कहा मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही बरतने वाले सभी लोगों के खिलाफ भी जांच की जाएगी।