Follow Us:

सियाचिन ग्लेशियर में सोलन का जवान शहीद, 2 साल पहले हुआ था भर्ती

समाचार फर्स्ट |

सियाचिन ग्लेशियर में सोमवार को हिमस्खलन की चपेट में आने से सोलन में पड़ते कुनिहार के गांव दोची का जवान मनीष कुमार (22) भी शहीद हुआ है। मनीष की मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। बता दें कि मनीष अभी दो साल पहले ही डोगरा रेजमेंट में भर्ती हुआ था और अभी तक उसकी शादी नहीं हुई थी। मनीष दो भाईयों में सबसे छोटा था। शहीद का पार्थिव शरीर आज हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ पहुंचने की उम्‍मीद है और बुधवार को पैतृक गांव पहुंचेगा।
 
बता दें सियाचिन ग्लेशियर में सोमवार को दोपहर बाद भारी हिमस्खलन में सेना की पेट्रोलिंग पार्टी के आठ जवान और पोर्टर लापता हो गए थे। इनमें से छह की मौत हो गई है। घटना के बाद व्यापक पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया था। सैन्य प्रवक्ता के अनुसार 19 हजार फुट की ऊंचाई पर सियाचिन ग्लेशियर के उत्तरी सेक्टर में काम कर रहे आठ कर्मचारी हिमस्खलन की चपेट में आ गए। सूचना पर पास के पोस्ट से बचाव टीम को तत्काल मौके पर भेजकर बचाव कार्य शुरू किया गया।

बर्फ में दबे आठ लोगों को निकालकर हेलीकाप्टर से पास के सैन्य अस्पताल में पहुंचाया गया। इनमें सात की हालत गंभीर थी। इलाज के दौरान छह की मौत हो गई। इनमें चार जवान और दो पोर्टर शामिल हैं, जिन्होंने काफी देर तक बर्फ में दबे रहने के कारण दम तोड़ दिया। जिस वक्त हिमस्खलन हुआ जवान उत्तरी ग्लेशियर में थे। पोर्टर्स समेत पेट्रोलिंग पार्टी चौकी पर बीमार एक अन्य व्यक्ति को निकालने गई थी। इसी दौरान दोपहर बाद लगभग तीन बजे भारी हिमस्खलन हो गया। इसकी चपेट में आकर पेट्रोलिंग पार्टी के सभी लोग दब गए।