Follow Us:

मध्य प्रदेश में जाली करेंसी बनाने वाला मुख्य आरोपी चंबा से गिरफ्तार

समाचार फर्स्ट डेस्क |

जाली करेंसी बनाने वाले एक आरोपी को मध्य प्रदेश और चंबा सदर थाना की टीम ने चंबा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को एक बुधवार देर रात एक निजी होटल से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुस्तगीस पुत्र शोखत खान निवासी भवानी मंडी जिला झालावाड़ राजस्थान के रूप में हुई है। मध्य प्रदेश से आई पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है। जिसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के गुना की पुलिस टीम ने थाना सदर चंबा में सूचना दी कि उनके द्वारा अन्वेषण अधीन अभियोग में वहां के स्थानीय न्यायालय द्वारा जारी एक गिरफ्तारी वारंट की अनुपालना में वो लोग चंबा आए हैं और उन्हें एक आरोपी की तलाश है। जो जाली करेंसी बनाने का कार्य करता है और उनका मुख्य अभियुक्त है, जिसे गिरफ्तार किया जाना है।

मध्य प्रदेश पुलिस टीम के आग्रह पर थाना सदर चंबा ने त्वरित कार्रवाई हेतु आरक्षी हेमराज को बाहरी राज्य से आई टीम के साथ सहायता हेतु आरोपी की धरपकड़ के लिए रवाना किया गया। आरोपी की तलाश में टीम ने शहर भर में दबिश दी, और अपराधी अपने साथियों के साथ निजी होटल में पकड़ा गया।