Follow Us:

मंडी: एक ही रात में दो लोगों का मर्डर

समाचार फर्स्ट डेस्क |

मंडी जिले में बीती रात दो अलग-अगल स्थानों पर दो हत्याएं हो गईं। पहला मामला मंडी जिला के सरकाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत मसेरन के दरकालग गांव का है।

यहां बलबीर (34) की गांव के ही कुछ लोगों से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कहा सुनी मारपीट में बदल गई और बलबीर के सिर पर डंडों से प्रहार किया गया। इससे बलबीर को गंभीर चोटें आई और उसे उपचार के लिए अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मृतक  के बेटे की शिकायत पर 3 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके कार्रवाही शुरू कर दी है। एसपी मंडी अशोक कुमार ने बताया कि हत्या के 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं, हत्या का दूसरा  मामला बल्ह उपमंडल के सकरोहा गांव में सामने आया है। यहां पर एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को किसी ने मौत के घाट उतार दिया। मिली जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला घर पर अकेली रहती थी। सुबह यह महिला अपने घर के बाहर मृत अवस्था में पाई गई। इस बुजुर्ग महिला की किसी ने गला घोंटकर हत्या की है।

एसपी अशोक कुमार ने बताया कि ये मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है और इसी के आधार पर हत्या का मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।