नादौन शहर के वार्ड पांच में आज दोपहर एक दो कमरों का स्लेटपोश मकान गिर गया है। गनीमत यह रही कि घटना के समय बच्चे स्कूल में थे तथा बाकि लोग भी बाहर ही थे। इस घटना में घर के अंदर रखा काफी सामान क्षतिग्रस्त हो गया है। जानकारी दते हुए घर के मालिक चमन लाल ने बताया कि इस घर में उनका बड़ा बेटा परिवार सहित रहता है।
उन्होंने बताया कि घटना के समय उनका बेटा और बहू उपचार के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल टांडा गए थे। उन्होंने बताया कि घर में रखा टीवी, बेड और बर्तन सहित अन्य घरेलू वस्तुएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। चमन लाल ने बताया कि घटना के समय वह अपने घर के पास पत्नी सहित खड़े थे। अचानक ही जोर से आवाज हुई। जब वह मौका पर पहुंचे तो उनके घर का काफी भाग नीचे आ गिरा।
वहीं, नायब तहसीलदार मनोहर लाल ने बताया कि हल्का पटवारी को निर्देश दिए गए हैं कि नुकसान का जायजा लेकर शीघ्र रिपोर्ट भेजें।



