Follow Us:

ऊना: अज्ञात शख्स ने महिला का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर शेयर की मोबाइल नंबर सहित अन्य जानकारी, मामला दर्ज

रविंद्र, ऊना |

ऊना के एक गांव की महिला ने किसी अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ उसका फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाने का आरोप जड़ते हुए महिला थाना ऊना में शिकायत दर्ज करवाई है। आरोपी ने उस अकाउंट में महिला का मोबाइल नंबर समेत अन्य जानकारियां भी इस फर्जी अकाउंट पर डाल दी। आरोपी यहीं नहीं रूका उसने महिला के नाम से बने अकाउंट पर कई लोगों के साथ अश्लील चैटिंग तक कर डाली। जिसके संबंध में लोगों के महिला को फोन आने लगे और उसे पूरे मामले के संबंध में जानकारी दी गई।

बहरहाल, पुलिस इस मामले में केस दर्ज कर जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने इसके नाम से 28 मार्च 2019 को फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया। इस व्यक्ति ने उस अकाउंट पर महिला की फोटो, मोबाइल नंबर व अन्य जानकारियां भी डाल दी। इसी अज्ञात आरोपी ने महिला के नाम से इसी अकाउंट पर अन्य लोगों से अश्लील चैटिंग भी की। जिस कारण उन लोगों के इसे फोन आए,तब जाकर उसे इस मामले का पता चला।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी हैडक्वार्टर अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले के संबंध में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा354–ए, 419 व आईटी एक्ट की धारा 66सी व 67ए में केस दर्ज करके आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।