Follow Us:

ऊनाः अज्ञात लोगों ने युवक को गोली मार कर लूट ली बाइक

समाचार फर्स्ट डेस्क |

जिला ऊना में हिमाचल और पंजाब सीमा पर मंगुवाल में बदमाशों ने युवक को गोली मारकर उसकी बाइक लूटने का मामला सामने आया है। घायल युवक की पहचान रोहित निवासी गगरेट के रूप में हुई है। इस घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार रोहित होशियारपुर में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है और बीते कल देर शाम बाइक पर सवार होकर घर की तरफ वापस आ रहा था कि होशियारपुर के मंगुवाल में अज्ञात लोगों ने उसकी टांग पर गोली मार दी और हमलावर बाइक लेकर फरार हो गए।

युवक घायल हालत में किसी तरह अस्पताल पहुंचा। मामले की सूचना गगरेट एसएचओ की मदद से होशियारपुर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में केस दर्ज़ कर लिया है। उधर, डीएसपी अंब मनोज ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पंजाब पुलिस को जानकारी दे दी गई है।