Follow Us:

ऊनाः प्रसव के बाद महिला ने तोड़ा दम, गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में किया हंगामा

समाचार फर्स्ट डेस्क |

जिला ऊना में गर्भवती महिला की मौत होने का मामला सामने आया है। यहां शनिवार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में गर्भवती की ऑपरेशन के बाद मौत हो गई। महिला की पहचान 22 साल की सुनीता देवी पत्नी रवि कुमार निवासी गांव बंगाणा ऊना के रूप में हुई है। परिजनों को उसकी मौत का पता तब चला जब महिला को चेक करने आई नर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि गर्भवती को करीब पांच दिन पहले इलाज के लिए ऊना अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। शनिवार को ऑपरेशन के दौरान महिला ने बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद गर्भवती की अस्पताल में मौत हो गई। गर्भवती की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया।

परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। सुनीता के पति रवि कुमार का आरोप है कि दोपहर कोऑपरेशन के बाद पीड़िता को होश नहीं आया। परिजनों ने बताया कि उन्होंने डॉक्टर को पीड़िता को चेक करने के लिए कहा, लेकिन डॉक्टर ने एक बार भी चेक नहीं किया। इसके बाद वार्ड में आई नर्स ने सुनीता को मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत के बाद परिजन काफई भड़क गए और उन्होंने अस्पताल से शव लेने से इंकार कर दिया। सुनीता के पति का कहना है कि जब तक आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक वे अस्पताल से शव को नहीं ले जाएंगे। डीएसपी अशोक वर्मा का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल मृतका का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। अगर डॉक्टर की लापरवाही सामने आती है तो यकीनन उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।