Follow Us:

शिमला में परीक्षा परिणाम में असफल होने पर छात्र ने उठाया खौफनाक कदम

➤ परीक्षा परिणाम में असफल होने पर छात्र ने उठाया खौफनाक कदम
➤ अन्नाडेल के ठाकुर बाग में पंखे से फंदा लगाकर दी जान
➤ पुलिस जांच जारी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार


शिमला। राजधानी शिमला के अन्नाडेल क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां परीक्षा में असफल होने के कारण मानसिक तनाव में आए एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, यह मामला अन्नाडेल के ठाकुर बाग क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान निखिलेष के रूप में हुई है, जो अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर मृत अवस्था में पाया गया।

प्रारंभिक जांच में मृतक के पिता प्रेमलाल शर्मा ने बताया कि उनका बेटा 10+2 के परीक्षा परिणाम में असफल होने के कारण मानसिक तनाव में था। इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के साथ साक्ष्य जुटाए तथा गवाहों के बयान दर्ज किए। शव का निरीक्षण करने पर शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए

घटना की सूचना मिलते ही उप पुलिस अधीक्षक भी मौके पर पहुंचे और जांच के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (IGMC) शिमला के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है।

मृतक के परिजनों ने किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी

यह घटना एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करती है कि परीक्षा के परिणाम जीवन का अंतिम सत्य नहीं होते, और ऐसे समय में परिवार व समाज का सहयोग बेहद जरूरी होता है।