Follow Us:

प्रदेश भर में बदली जाएंगी खस्ताहाल 108 एंबुलेंस: स्वास्थ्य मंत्री

समाचार फर्स्ट |

प्रदेश भर के अस्पतालों में आपातकाल में सेवाएं देने वाली सभी 108 एंबुलेंस बदली जाएंगी। इसके लिए नई एंबुलेंस खरीदी जाएंगी। एंबुलेंस बदलने की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से अंजाम दिया जाएगा। पहले चरण में 46 नई एंबुलेंस ली जाएंगी, जबकि बाद में अन्य एंबुलेंस को भी बदला जाएगा। साल 2010 से चल रहीं इन एंबुलेंस की खस्ता हालत को देखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है।

इस बारे में जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह ने कहा कि 108 एंबुलेंस की हालत ठीक नहीं है। 8 सालों से चल रहीं ये एंबुलेंस बदली जाएंगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना का लाभ भी लोगों को दिया जा रहा है। इसके अलावा अब राज्य में हिमकेयर स्वास्थ्य योजना के माध्यम से लोगों का पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि बद्दी में जल्द 38 करोड़ की लागत से दवाइयों के सैंपल जांचने के लिए लैब बनाई जाएगी ताकि मरीजों की दी जाने वाली हर दवाई की जांच हो सके। साथ ही मंत्री ने यह भी कहा कि मरीजों की पर्चियों पर ब्रांडेड दवाई लिखने वाले 400 चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जिसके उचित जवाब न मिलने पर सभी चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।