Follow Us:

स्मृति ईरानी के सामने 1300 छात्राओं ने किया मिशन साहस का प्रदर्शन

पी. चंद, शिमला |

केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने गुरुवार को एेतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित मिशन साहसी कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान 1300 छात्राओं ने एक साथ रिज मैदान पर मिशन साहस का प्रदर्शन किया। छात्राओं के इस साहस को देखकर मंत्री स्मृति ईरानी ने मिशन साहसी को हर घर तक पहुंचाने का आग्रह किया।

स्मृति ईरानी ने कहा कि लड़की जब अपराध से लड़ती है तो उसका असल संघर्ष थाने से शुरू होता है जोकि कानून की दहलीज़ तक जाता है। इस संघर्ष में लड़की का साहस बनाए रखने के लिए परिवार और समाज को खड़ा रहने के लिए जागरूकता जरूरी है। सरकार को लड़कीयों की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लेना चाहिए।

इस मौके पर स्मृति ईरानी ने एबीवीपी की ओर से छात्राओं को शारीरिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए गए मिशन साहसी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि एबीवीपी ने साहस के जरिए जो छात्राओं को प्रशिक्षित किया वह सराहनीय है।

बता दें कि एबीवीपी की ओर से छात्राओं को शारीरिक व सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से मिशन साहसी कार्यक्रम शुरू किया गया है। एबीवीपी ने 12 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक 8200 छात्राओं को आत्म रक्षा के गुर सिखाए। नशे से युवाओं को दूर रखने और शरीर को फिट रखने सहित छात्राओं की आत्मरक्षा के लिए ये प्रशिक्षण दिया गया।